बरसात के मौसम में रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बिलासपुर रेल मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों को एक्टिव मोड पर रखा गया है।
18 प्रमुख अंडरपास चिन्हित किए गए हैं, जहां 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती के साथ पानी के स्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी स्थानों पर पंपिंग सेट, जेटिंग मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की गई है, ताकि तेज बारिश के दौरान भी पानी को तुरंत निकाला जा सके।
बिलासपुर स्टेशन यार्ड के दोनों सिरों पर ऑटोमैटिक इलेक्ट्रिक पंप लगाए गए हैं, जो जल स्तर के अनुसार स्वतः कार्य करते हैं।
अंडर ब्रिज की दीवारों पर जल स्तर संकेतक (मार्किंग) के साथ रेलवे अधिकारियों के संपर्क नंबर भी अंकित किए गए हैं ताकि आमजन आपात स्थिति में मदद ले सकें।
रेल प्रशासन की अपील–
भारी बारिश में अंडरपास के उपयोग से पहले पूरी सतर्कता बरतें। जलभराव या अन्य किसी समस्या की जानकारी तुरंत संबंधित नंबरों पर दें, ताकि आपका सफर रहे सुरक्षित और सुगम।
