रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और तकनीकी क्रांति लाते हुए, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज "रेलवन ऐप" का औपचारिक शुभारंभ किया। यह बहुप्रतीक्षित ऐप रेल सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) के 40वें स्थापना दिवस के मौके पर इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में लॉन्च किया गया।
क्या है रेलवन ऐप?
रेलवन एक ऑल-इन-वन मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे यात्रियों की सभी रेल सुविधाओं को एक प्लेटफॉर्म पर लाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है और निम्नलिखित सेवाएं प्रदान करता है:
अनारक्षित एवं प्लेटफार्म टिकट पर 3% छूट
लाइव ट्रेन ट्रैकिंग
ई-कैटरिंग
पोर्टर बुकिंग
लास्ट माइल टैक्सी
शिकायत निवारण
सुरक्षित और सरल साइन-इन फीचर
इस ऐप में सिंगल साइन-ऑन सुविधा दी गई है, जिससे यात्री एम-पिन या बायोमेट्रिक से आसानी से लॉगिन कर सकते हैं। मौजूदा Rail Connect और UTS लॉगिन भी समर्थित हैं।
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि दिसंबर 2025 तक आधुनिक "पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS)" शुरू किया जाएगा, जो पहले से 10 गुना अधिक लोड झेलने में सक्षम होगा। इससे प्रति मिनट 1.5 लाख टिकट और प्रतिदिन 40 लाख पूछताछ संभव होगी।
प्रधानमंत्री के विजन को साकार करती रेलवे
रेलवन ऐप भारतीय रेलवे की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' और 'विकसित भारत' की परिकल्पना को साकार करने के लिए टेक्नोलॉजी को हर यात्री की पहुंच तक ले जाने का कार्य कर रही है।
