जांजगीर-चांपा पुलिस की राहवीर पहल: सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में 1300 नागरिकों ने दिखाया उत्साह

 

जांजगीर-चांपा, 17 जून 2025/ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले के समस्त थाना/चौकियों के अंतर्गत "राहवीर योजना" के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा मिलान बनाए गए, जहां मेडिकल किट और टोपी का वितरण किया गया। इस अभियान में जिले भर से लगभग 1300 लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

 

अभियान के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार ने पूरे जिले में गांव-गांव जाकर लोगों को योजना की जानकारी दी।

 

थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम खटोला में आयोजित जागरूकता शिविर में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय और यातायात अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि "राहवीर योजना एक स्वैच्छिक नागरिक सहायता कार्यक्रम है, जिसमें आम नागरिक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में सहायता करते हैं।"

 

इस अभियान का उद्देश्य है आमजन में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाना, जिससे 'गोल्डन ऑवर' में घायल की जान बचाई जा सके।

 

जिला पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Post