रायगढ़-रायगढ़ में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन जी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में शहर में आक्रोश फैल गया है। इसी को लेकर शुक्रवार को अग्रवाल समाज के लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया।
जानकारी के अनुसार, अग्रवाल समाज से जुड़े गोपाल बापड़िया ने अमित बघेल की टिप्पणी से आहत होकर स्वेच्छा से गांधी प्रतिमा के नीचे धरना आरंभ किया। उनका यह विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद दर्जनों की संख्या में अग्रवाल समाज के सदस्य एवं अन्य समाज के लोग भी समर्थन में धरने पर शामिल हो गए।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि अग्रसेन महाराज न केवल अग्रवाल समाज बल्कि पूरे समाज के आदर्श और प्रेरणास्रोत हैं। उनके विरुद्ध की गई टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाजजनों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि 2 नवंबर तक अमित बघेल की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो सर्व समाज के लोग उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
धरने के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और इस विषय पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है, वहीं समाज के लोगों ने कहा है कि उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
वर्तमान में पूरे रायगढ़ जिले में इस प्रकरण को लेकर चर्चा का माहौल है, और सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।
