अरनोद प्रतापगढ़ क्षेत्र में लगातार बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ी
अरनोद क्षेत्र में बरसात का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक-दो दिन की धूप किसानों के लिए उम्मीद की किरण बनती है, लेकिन अगले ही दिन फिर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देती है।

खेतों में जगह-जगह पानी भर गया है और लगातार नमी बनी रहने से फसलों पर कीट व रोगों का खतरा मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि समय पर दवाई का छिड़काव नहीं हो पाने से सोयाबीन व अन्य खरीफ फसलें बर्बाद होने की कगार पर हैं। यदि यही स्थिति कुछ दिन और बनी रही तो उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है।
किसान मुन्ना लाल डांगी ने बताया कि बरसात से खेतों में घुटनों तक पानी भरा है, दवाई का छिड़काव करना संभव ही नहीं है। अगर मौसम साफ नहीं हुआ तो हमारी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
गांव-गांव के किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं और मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द खेतों में जाकर दवाई का छिड़काव कर फसल को बचाया जा सके। अगर समय रहते राहत नहीं मिली तो किसानों की आर्थिक स्थिति और बिगड़ जाएगी।
