कोंडागांव जिले में पोदला उरस्कना वृक्षारोपण कार्यक्रम सम्पन्न – एक पेड़ शहीदों के नाम पर लगाए गए 1000 पौधे

कोंडागांव, 09 अगस्त 2025 — बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज (IPS) के निर्देशानुसार बस्तर संभाग के सभी जिलों में चल रहे "पोदला उरस्कना वृक्षारोपण कार्यक्रम 2025" के अंतर्गत "एक पेड़ शहीदों के नाम" अभियान के तहत जिलेभर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कोंडागांव जिले में इस अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार द्वारा पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल (CPS), पुलिस विभाग के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों की स्मृति में पौधे रोपकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

"पोदला उरस्कना" कार्यक्रम के तहत जिले के सभी थाना, पुलिस चौकी, पुलिस कैंप और कार्यालयों में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान कुल लगभग 1000 पौधे विभिन्न स्थलों में लगाए गए।

 

पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने बताया कि यह अभियान केवल हरियाली बढ़ाने का कार्य नहीं है, बल्कि यह हमारे उन वीर शहीदों को नमन करने का एक प्रतीकात्मक प्रयास है, जिन्होंने देश की सुरक्षा हेतु अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे इन लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख कर उन्हें सुरक्षित रूप से बड़ा होने दें।

 

इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी मजबूती प्रदान की है।

Related Post