हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत से क्षेत्र में दहशत मवेशी चराकर लौटते समय हुआ हादसा, मौके पर ही गई जान

 

रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो वन परिक्षेत्र अंतर्गत खम्हार उत्तर बीट के लोटान गांव के जंगल में बुधवार शाम हाथी के हमले में एक अधेड़ ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मवेशी चराने गया था जंगल, लौटते समय हुआ सामना

मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लोटान निवासी लोकनाथ यादव (55 वर्ष) पिता फिरूराम यादव बुधवार सुबह रोजाना की तरह मवेशी चराने के लिए खम्हार के जंगल में लोटान–बकालो क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 662 आरएफ गया था। शाम को लौटते समय अंधेरा होने के कारण अचानक उसका सामना एक हाथी से हो गया।

भागने की कोशिश में कुचल दिया हाथी ने

हाथी को सामने देखकर ग्रामीण ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पैरों तले कुचल दिया। इस हमले में लोकनाथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

देर रात तक घर नहीं लौटा तो हुई तलाश

देर रात तक जब लोकनाथ यादव घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा और शव का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हाथी कभी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो कभी मकानों को तोड़ रहे हैं। सही जानकारी के अभाव में ग्रामीण रात होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

हाथी मित्र दल कर रहा निगरानी, कराई जा रही मुनादी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी मित्र दल द्वारा लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इन दिनों हाथी अलग-अलग दलों में भ्रमण कर रहे हैं, कई स्थानों पर अकेला हाथी भी घूम रहा है, जो रात के समय खेतों और बस्तियों की ओर पहुंच जाता है। ऐसे में समय रहते मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दी जा रही है।

मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता

वन विभाग ने बताया कि घटना से पूर्व ही लोटान और आसपास के गांवों में सिंगल हाथी की मौजूदगी को लेकर मुनादी कराई गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही नियमानुसार मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Post