कोंडागांव, 22 जून 2025: जिले में मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जहां कोतवाली थाना क्षेत्र में अलग-अलग कारणों से 5 लोगों की मौत हुई थी, वहीं रविवार को एक और युवक की जान चली गई। यह घटना जिले की माकड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा से सामने आई है, जहां 23 वर्षीय युवक अनिल कुमार मरकाम ने अज्ञात कारणों से कीटनाशक का सेवन कर लिया था।
अनिल कुमार, पिता सोमारु मरकाम, को गंभीर हालत में पहले माकड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर जगदलपुर रेफर किया, लेकिन अफसोस की बात है कि रास्ते में ही, रविवार दोपहर करीब 2 बजे, जोबा गांव के पास उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या की वजह फिलहाल अज्ञात है, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
गांव में इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जिले में चिंता का विषय खड़ा कर दिया है।
