कारगिल विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने किया वीरों को नमन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा कोंडागाँव

कोंडागाँव, 26 जुलाई 2025: कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की वीरता और बलिदान को याद करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागाँव के द्वारा कारगिल विजय दिवस को बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान गाया गया, जिससे माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

 

बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कारगिल युद्ध की गौरवगाथा पर प्रकाश डालते हुए भारतीय सेना की वीरता की सराहना की। तत्पश्चात परिषद के संगठन गीत की प्रस्तुति पूर्व सैनिकों द्वारा दी गई।

 

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के बच्चों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकल गायन, कविता पाठ एवं भाषण प्रस्तुत कर समां बांध दिया। इसके बाद वरिष्ठ पूर्व सैनिकों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

 

संगठन के विभिन्न ब्लॉकों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों, मातृशक्तियों तथा प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 

जिलाध्यक्ष सूरज यादव ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार के साथ किया गया।

 

इस गरिमामयी अवसर पर परिषद के संरक्षक एवं संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिलाध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सचिव उमेश साहू, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर धुर्व, सह सचिव रवि ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्षगण एवं सचिवगण, साथ ही मातृशक्ति संगठन की अध्यक्ष श्रीमती चाँदनी कोर्राम, उपाध्यक्ष श्रीमती सपना नंदी, सह सचिव आकांक्षा तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम ने न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि दी, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा भी दी।

Related Post