कोण्डागांव, 31 अगस्त 2025: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत काम कर रहे 581 संविदा कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल के 13वें दिन भी पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे रहे। शनिवार शाम को छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ, जिला इकाई कोण्डागांव के बैनर तले कर्मचारियों ने शहर में मशाल सह कैंडल मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में महिला कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने "नारी शक्ति" के रूप में आगे आकर अपनी ताकत और जागरूकता का परिचय दिया।
मशाल रैली की शुरुआत DNK कॉलोनी से हुई, जो सामुदायिक भवन होते हुए नगर के प्रमुख चौक—घड़ी चौक—से होकर जिला न्यायालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंची। वहां कर्मचारियों ने कैंडल जलाकर आंदोलन का शांतिपूर्ण समापन किया और सरकार को वादों की याद दिलाई।

अंबेडकर प्रतिमा के सामने जोरदार नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।

इस मौके पर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष करण लावत्रे, जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल और वरिष्ठ सदस्य संतोष पोयाम ने कहा कि, “हम अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार ने कई बार स्थायीकरण और सेवा शर्तों में सुधार के आश्वासन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।”

नेताओं ने यह भी बताया कि आज ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आर.के. चतुर्वेदी द्वारा सभी हड़ताली कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तत्काल उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संघ ने स्पष्ट कर दिया कि वे ऐसे पत्रों से डरने वाले नहीं हैं और आंदोलन को और तेज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
