ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से 166 महतारी सदन की स्वीकृति मिली है, जिनमें से 08 सदन कोरबा जिले में स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 49 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।
महतारी सदन का निर्माण लगभग 2,500 वर्गफुट क्षेत्र में किया जाएगा। इसमें कमरा, बरामदा, हाल, किचन, स्टोररूम, पेयजल हेतु ट्यूबवेल, वाटर हार्वेस्टिंग और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवाल भी बनाई जाएगी।
अब तक प्रदेश में 368 महतारी सदन की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से 50 से अधिक का निर्माण पूर्ण हो चुका है। प्रत्येक महतारी सदन पर 30 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा–
महिलाओं की भागीदारी न्यू इंडिया के विकास चक्र में लगातार बढ़ रही है। महतारी सदन न सिर्फ महिलाओं के लिए सामुदायिक स्थल उपलब्ध कराएगा, बल्कि उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार भी देगा।
सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले 5 वर्षों में प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में महतारी सदन का निर्माण पूरा किया जाए।
