कोरबा जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में कलेक्टर अजीत वसंत ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने हेतु जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 480 अतिथि शिक्षकों और 351 भृत्यों की मानदेय आधारित नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है।
इस भर्ती में प्राथमिक शालाओं के लिए 243, मिडिल स्कूलों के लिए 109 और हाई/हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए 128 अतिथि व्याख्याता शामिल हैं। वहीं, भृत्य के 351 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी।
पूर्व में सेवा दे चुके अतिथि शिक्षकों व भृत्यों को मिलेगी प्राथमिकता। नियुक्ति मेरिट सूची के आधार पर की जाएगी, प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश। यह नियुक्तियाँ अस्थायी होंगी, मगर विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी को भरने में सहायक होंगी।
बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा –
वर्ग पिछला मानदेय नया मानदेय
भृत्य ₹8,000 ₹8,500
प्राथमिक अतिथि शिक्षक ₹10,000 ₹11,000
मिडिल स्कूल अतिथि शिक्षक ₹12,000 ₹13,000
हाई/हायर सेकेंडरी व्याख्याता ₹14,000 ₹15,000
कलेक्टर वसंत का यह निर्णय जिले की शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक सशक्त और समयोचित पहल मानी जा रही है। इससे न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षक मिल सकेंगे, बल्कि बेरोजगार शिक्षकों और सहायकों को भी रोजगार का अवसर मिलेगा।
