जिला कोरबा के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोरवी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। ड्यूटी समय में डॉक्टर नदारद पाए गए, जिससे इलाज के लिए पहुंचे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
MBBS डॉक्टर दीक्षा शुक्ला लगातार गैरहाज़िर:
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि PHC कोरवी में तैनात MBBS डॉक्टर दीक्षा शुक्ला कई महीनों से अनुपस्थित हैं। हैरानी की बात यह है कि उनके अवकाश का कोई लिखित आवेदन भी स्वास्थ्य विभाग में जमा नहीं किया गया है। ऐसे में बीएससी डिग्रीधारी आईएमओ ही पूरा केंद्र संभाल रहे हैं, जो गहन चिकित्सा सेवाओं के लिए अयोग्य माने जाते हैं।
स्टाफ ने जानकारी देने से किया इनकार:
जब हमारे रिपोर्टर मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ से डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर सवाल किए, तो स्टाफ गोल-मोल जवाब देने लगा और किसी ने भी MBBS डॉक्टर की गैरहाज़िरी पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इससे स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों की कार्रवाई की मांग
इलाज न मिलने के कारण कई ग्रामीणों को दूसरे गांवों या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक व मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से MBBS डॉक्टर की अनुपस्थिति की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या स्वास्थ्य विभाग लेगा इस लापरवाही का संज्ञान?
जनता की बुनियादी ज़रूरत – स्वास्थ्य – जब जिम्मेदार डॉक्टरों की लापरवाही की भेंट चढ़ जाए, तो यह सवाल उठता है कि आख़िर जिम्मेदार कौन है?