कोंडागांव, 7 जनवरी 2026 | शहर के प्रमुख जलस्रोत बंधा तालाब में जारी व्यापक सफाई अभियान का आज तीसरे दिन कोंडागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। लंबे समय से तालाब में जलकुंभी एवं अन्य जलीय पौधों के अत्यधिक फैलाव के कारण तालाब पूरी तरह सराबोर हो गया था, जिससे न केवल जलस्रोत की स्थिति बिगड़ रही थी बल्कि शहर की गरिमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
विधायक सुश्री लता उसेंडी एवं कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा निरीक्षण के पश्चात 5 जनवरी से बंधा तालाब की विधिवत एवं व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तीसरे दिन स्वयं विधायक मौके पर पहुंचीं और सफाई कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में और अधिक तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि बंधा तालाब शहर की पहचान और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसकी स्वच्छता बनाए रखना प्राथमिकता है। सफाई अभियान पूर्ण होने के बाद तालाब का सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
