कोंडागांव, 24 जून 2025– नगर पालिका द्वारा विकसित राम मंदिर तालाब गार्डन इन दिनों असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के चलते चर्चा में है। गार्डन को सार्वजनिक रूप से खोलने में हो रही देरी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के चलते वहां उत्पात मचाया जा रहा है, जिससे गार्डन की सुंदरता और संरचना दोनों को नुकसान हो रहा है।
वार्ड पार्षद हेमा देवांगन ने मंगलवार दोपहर 3 बजे मीडिया से चर्चा करते हुए नगर पालिका प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि गार्डन निर्माण कार्य लंबे समय पूर्व ही पूर्ण हो चुका है, लेकिन अब तक इसे औपचारिक रूप से आम जनता के लिए नहीं खोला गया है। इसी वजह से शाम होते ही गार्डन असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है, जहां नशा खोरी और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं हो रही हैं।
पार्षद ने बताया कि गार्डन में लगाए गए छोटे खंभों के बल्ब अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। इसके अलावा विद्युत तार खुले पड़े हैं जो बच्चों की पहुंच में हैं। इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका है।
हेमा देवांगन ने नगर पालिका से जल्द से जल्द गार्डन को आम जनता के लिए खोलने और वहां सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, जिससे असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके और गार्डन की सुंदरता तथा सुरक्षा को बनाए रखा जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका से गार्डन के रखरखाव और निगरानी के लिए स्थायी प्रबंध करने की अपील की है।
