कोडागांव, 18 जुलाई 2025: सतनामी समाज के धर्मगुरु एवं विधायक आरंग, साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन के उपाध्यक्ष खुशवंत साहेब पर हुए हमले के विरोध में आज जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा धर्मगुरु को ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई।
यह ज्ञापन सर्व अनुसूचित जाति वर्ग जिला कोंडागांव एवं सतनामी समाज के पदाधिकारियों द्वारा अपर कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 12 जुलाई 2025 की रात्रि, धर्मगुरु खुशवंत साहेब जब नवागढ़ के एक दिवसीय प्रवास से लौट रहे थे, उस दौरान असामाजिक तत्वों ने उनके वाहन पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ और इसे सतनामी समाज की आस्था और सम्मान पर सीधा हमला बताया गया है।
धंसराज टंडन, अध्यक्ष सर्व अनुसूचित जाति वर्ग ने कहा, "जब हमारे धर्मगुरु एवं विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। हम छत्तीसगढ़ सरकार से मांग करते हैं कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।"
इसके साथ ही सतनामी समाज ने खुशवंत साहेब को जेड प्लस सुरक्षा दिए जाने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस ज्ञापन सौंपने के दौरान अनेक सामाजिक प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से एम.डी. बघेल (संरक्षक, सर्व अनुसूचित जाति वर्ग), राधे कृष्णा बंजारे (संरक्षक, सतनामी समाज), पी.एल. ठावरे (उपाध्यक्ष), सानू मारकंडे (जिला अध्यक्ष, सतनामी समाज), तरुण नाग (जिला अध्यक्ष, उत्कल समाज), मनमोहन नाग (कोषाध्यक्ष), भागवत चतुर्वेदी, शिवरात्रु बंजारे, बुद्धू राम नाग आदि शामिल रहे।
सतनामी समाज ने यह स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगामी दिनों में आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विवश होंगे।
