कोण्डागांव, 26 नवंबर 2025/ नगर के महात्मा गांधी वार्ड में स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के एकमात्र खेल मैदान में जिला एवं सत्र न्यायालय भवन निर्माण का मुद्दा लगातार गर्माता जा रहा है। मंगलवार को स्थिति तब उग्र हो गई जब सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मैदान में निर्माण कार्य पुनः शुरू होने के विरोध में बड़ा प्रदर्शन कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2014 में इस खेल मैदान को न्यायालय भवन निर्माण के लिए आरक्षित किया गया था, लेकिन पिछले दस वर्षों में कोई निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो सका। अब जब कार्य दोबारा शुरू हुआ, तो स्थानीय वार्डवासी, खिलाड़ी और स्कूली बच्चों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रशासन और नागरिकों के बीच कई दौर की बैठकें भी हुईं, पर समाधान नहीं निकल सका। विरोध के चलते पहले भी निर्माण कार्य रोका गया था।
निर्माण शुरू होते ही उग्र हुआ विरोध
मंगलवार को निर्माण कार्य फिर से शुरू होने की जानकारी मिलते ही पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्रों ने मैदान में एक साथ धरना देते हुए विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते विरोध तेज हो गया और बच्चों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद वे कलेक्टर कार्यालय के सामने सड़क पर बैठ गए और घंटों तक विरोध दर्ज किया। इससे पूरे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित रहा।

प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, पर नहीं मानी बच्चे
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। बावजूद इसके बच्चे कलेक्टर कार्यालय के प्रवेश द्वार पर डटे रहे और मैदान बचाने की मांग पर अड़े रहे।

कलेक्टर से मुलाकात के बाद शांत हुआ प्रदर्शन
काफी समझाइश के बाद छात्र-छात्राओं के एक समूह ने कलेक्टर से मुलाकात की, जिसके बाद आंदोलन फिलहाल समाप्त किया गया। हालांकि बच्चों ने साफ कहा है कि यदि मैदान में निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया, तो विरोध फिर से तेज किया जाएगा।
आगे की स्थिति पर टिकी निगाहें
फिलहाल प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के बीच इस विवाद पर कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। आने वाले दिनों में मैदान का भविष्य क्या होगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
