जंगली सूअर के शिकार में गई जान: करंट तार बिछाने के दौरान युवक की मौत, 4 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा क्षेत्र अंतर्गत छाता जंगल में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली करंट तार के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। इस गंभीर प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे ग्राम लेवई निवासी विरेन्द्र बंजारे उर्फ भोलू, रामसिंह उर्फ नानदाउ, अक्षय बंजारे, मुकेश खुटे और अनिल लहरे छाता जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से पहुंचे थे। सभी आरोपियों ने मिलकर खुले जीआई तार को जंगल में फैलाया और उसमें करंट प्रवाहित करने की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि करंट जोड़ने के लिए अनिल लहरे को 11 केवी बिजली खंभे पर चढ़ाया गया, जहां लकड़ी के सहारे तार जोड़ने के दौरान अचानक करंट लगने से वह नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल अनिल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों को यह जानकारी थी कि बिजली का करंट खतरनाक हो सकता है, इसके बावजूद बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अनिल लहरे को खंभे पर चढ़ाया गया, जिससे उसकी जान चली गई।

इस मामले में थाना बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 106(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र कुमार बंजारे, रामसिंह उर्फ नानदाउ, अक्षय बंजारे और मुकेश खुटे शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शिकार जैसे खतरनाक और गैरकानूनी कार्यों से दूर रहें, क्योंकि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।

Related Post