कोंडागांव, 13 जनवरी 2026 | जिला कोंडागांव में विकास को नई गति देते हुए कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत कुमुरनार पारा–राजागांव में मंगलवार को सड़क निर्माण एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी रहीं। इस अवसर पर कुमुरनार पारा–राजागांव में ₹5.00 लाख की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं दहिकोंगा बड़ेकनेरा मुख्य मार्ग से शिव मंदिर पहुंच मार्ग तक पुलिया सहित डामरीकरण सड़क निर्माण (लगभग 1.675 किमी, लागत ₹171.05 लाख) का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की मुख्य धारा को पहुंचाना है, ताकि दूरस्थ व उपेक्षित क्षेत्रों को भी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क और सांस्कृतिक भवन जैसे कार्य ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में प्रत्यक्ष सुधार लाते हैं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक सुश्री लता उसेंडी का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद यह पहली बार है जब किसी जनप्रतिनिधि ने कुमुरनार पारा में पहुंचकर विकास कार्यों का शुभारंभ किया, जिसे उन्होंने गांव के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
