कोंडागांव, 1 जुलाई 2025: मंगलवार सुबह की शुरुआत कोंडागांव के लिए एक दिल दहला देने वाली खबर लेकर आई। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में आज तड़के करीब 4 बजे रॉयल ट्रैवल्स की बस और हाईवा ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई। उन्हीं में से एक थे कोंडागांव के सरगीपाल निवासी युवा अजहर अली।
अजहर अली की मौत की खबर जैसे ही सुबह 10 बजे कोंडागांव पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। कोई यक़ीन नहीं कर पा रहा था कि मिलनसार, हँसमुख और हर दिल अज़ीज़ अजहर अब इस दुनिया में नहीं रहे।
ईरानी मूल के अजहर अली अपने परिवार के साथ कई वर्षों से कोंडागांव में रह रहे थे। उनका चश्मे का छोटा सा व्यापार था, लेकिन उनकी पहचान सिर्फ एक व्यापारी की नहीं थी — वे एक उम्दा क्रिकेट खिलाड़ी, एक प्रेरणास्रोत और युवाओं के सच्चे मार्गदर्शक थे। मैदान में उनका प्रदर्शन जितना शानदार होता था, उतना ही शांत और सुलझा हुआ उनका व्यवहार भी था। अधिकारी हों या आमजन, हर कोई उन्हें उनके व्यवहार, सेवा-भाव और मुस्कान के लिए जानता था।
उनकी असामयिक मौत ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कोंडागांव शहर को झकझोर दिया है। खासकर युवा वर्ग, जो उन्हें अपना आदर्श मानता था, आज गहरे शोक में डूबा हुआ है। स्कूलों, क्लबों और क्रिकेट ग्राउंड्स में अजहर की यादें अब भी जीवित हैं — हर जगह उनका कोई न कोई किस्सा, उनकी हँसी, उनका हौसला आज हर आंख को नम कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अजहर जैसे लोग विरले होते हैं। एक अच्छा खिलाड़ी, जिम्मेदार बेटा, नेक दोस्त और समाज का सजग नागरिक — वे हर रूप में लोगों के दिलों में बस चुके थे। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
