कोण्डागाँव, 06 जुलाई 2025: कोण्डागाँव पुलिस ने महिलाओं के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म करने के आरोपी अमान वीरानी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि केशकाल निवासी आरोपी अमान वीरानी (पिता मो० इकबाल वीरानी, उम्र 24 वर्ष) पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। वह पीड़िता को डरा-धमकाकर पैसे की भी उगाही करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमान वीरानी पीड़िता के अलावा भी कई लड़कियों और महिलाओं से दोस्ती कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था और उनके अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। वह इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था और पैसे की मांग करता था।
लगातार ब्लैकमेलिंग, पैसे की उगाही और शारीरिक शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने कोण्डागाँव पुलिस में अमान वीरानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पीड़िता की रिपोर्ट पर कोण्डागाँव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(1), 64(2)(ड), 308(2), 324(4), 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक कोण्डागाँव वॉय. अक्षय कुमार के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरूण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में कोण्डागाँव पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी और उसे घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी अमान वीरानी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय केशकाल के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आगे साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी केशकाल ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, सउनि हेमंत देवांगन, सउनि सुमित्रा सेठिया, प्र०आर० ललित नेताम (116), प्र०आर० संजय बिसेन (58), म०आर० सोनल यादव (3071) और सहयोगी के रूप में थाना प्रभारी कोण्डागाँव टामेश्वर चौहान, साइबर सेल से उनि अमिताभ खाण्डेकर, आर0 संतोष कोडोपी (744), आर० बिज्जू यादव (808), आर० गिरजू शोरी (743) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
