कोंडागांव, 19 अगस्त 2025 — जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी चौक, जो पुराने एसपी कार्यलय के समीप स्थित है, इन दिनों बारिश के कारण जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते इस व्यस्तम मार्ग पर पानी भर गया है, जिससे आम नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति अचानक नहीं बनी है। सड़क के किनारे बने नालों की मानसून पूर्व नियमित सफाई न होने से यह समस्या और भी विकराल हो गई है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें लबालब हो जाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शहर के अन्य वार्डों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है। कई वार्डों में जलभराव से गलियाँ कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।
नगर वासियों का आरोप:
"हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन नगर पालिका सिर्फ खानापूर्ति करके रह जाती है।
वर्तमान हालात को लेकर नागरिकों में आक्रोश है और वे इसे नगर पालिका की पूर्णतः उदासीनता करार दे रहे हैं।
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
बारिश के मौसम में जब प्रशासन को पहले से तैयारी करनी चाहिए थी, तब नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को नजरअंदाज कर दिया गया। यही लापरवाही अब आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
नगरवासियों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप करते हुए जल निकासी की व्यवस्था सुधारें और स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए।
