कोंडागांव, 26 जुलाई 2025: भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य के निर्देशन में शासकीय प्राथमिक शाला मुरारी पारा बड़ेबेंदरी की कब–बुलबुल टीम द्वारा कारगिल विजय दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस आयोजन का नेतृत्व एडवांस कब मास्टर पवन कुमार साहू ने किया, जिसमें शहीदों के सम्मान में दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों के साथ-साथ कारगिल युद्ध की झांकी प्रस्तुत की, जिसमें कैप्टन विक्रम बत्रा सहित अन्य वीर जवानों की गाथा को जीवंत किया गया।
कब मास्टर पवन कुमार साहू ने बच्चों को कारगिल युद्ध के इतिहास से अवगत कराते हुए बताया कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने दुश्मनों को पराजित कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराया था। 60 दिनों तक चले इस युद्ध में अनेक वीर जवानों ने अपना बलिदान दिया, जिनकी याद में प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है।
इस आयोजन में शिक्षिका श्रीमती संतोषी पटेल, श्रीमती इशिता भंडारी एवं कब–बुलबुल टीम के समस्त छात्र-छात्राओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, साहस और बलिदान की भावना का संचार किया।
