पीथमपुर, । औद्योगिक नगर पीथमपुर में हाल के दिनों में चोरी की बढ़ती घटनाओं से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पीथमपुर नगर प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकारों ने आज नवागत नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रवि सोनारे से उनके कार्यालय में विशेष भेंट की। इस दौरान नगर में बढ़ते अपराध, विशेषकर चोरियों की लगातार घटनाओं पर गहन चर्चा की गई।
पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन का ध्यान उन इलाकों की ओर दिलाया जहां आए दिन चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने सुझाव दिया कि अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करने के लिए उनके जुलूस निकाले जाएं, ताकि समाज में एक सशक्त संदेश जाए कि कानून के खिलाफ जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, यह भी मांग की गई कि पुलिस गश्त को और अधिक मजबूत किया जाए, खासकर रिहायशी कॉलोनियों और बाजार क्षेत्रों में।
नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनारे ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है। उन्होंने कहा कि मीडिया की भूमिका समाज के प्रति जागरूकता लाने और पुलिस को सही दिशा में सहयोग देने में अहम होती है। पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सीएसपी कार्यालय में हुई इस बैठक में प्रमुख रूप से नगर प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल कुमरावत,सचिव राजेश शर्मा , लीगल लॉयर अभिषेक खंडेलवाल,सह सचिव राहुल यादव,मीडिया प्रभारी नवीन भारती,कार्यालय प्रभारी संदीप राणा ,,वीरेंद्र जायसवाल श्वेता सोनी ,आदि मौजूद रहे और उन्होंने जनभावनाओं को पुलिस प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
