रेलवन ऐप से जुड़ें, अब सभी ट्रेन सेवाएँ होंगी आपकी अंगुलियों पर

 रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रेलवन (RailOne)” मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत की है। यह अत्याधुनिक ऐप उपयोगकर्ताओं को सरल और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराता है तथा सभी आवश्यक सुविधाओं को एक ही मंच पर जोड़ते हुए यात्रियों के लिए वन-स्टॉप सॉल्यूशन प्रदान करता है। यह ऐप एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म्स पर निःशुल्क डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।

 

 वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यात्रियों को इस ऐप की उपयोगिता से जोड़ने तथा अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने हेतु मंडल वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न संस्थानों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। 

Uploaded Image

 इसी क्रम में आज चन्द्रा अकेडमी (कोचिंग सेंटर) बिलासपुर एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव, प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों तथा चन्द्रा कोचिंग सेंटर में कोचिंग संचालक व छात्र-छात्राओं को रेलवन ऐप के फीचर्स के साथ ही इससे होने वाली फायदे से अवगत कराया गया |

 

  इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) ने ऐप की उपयोगिता की प्रशंसा करते हुए कहा इसका उपयोग करने तथा इसे अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग की सहमति जताई। 

 

 चन्द्रा अकेडमी में चलाये गए अभियान के दौरान उपस्थित संचालक तथा छात्र-छात्राओं ने इस ऐप को डाउनलोड किया और इसे सुविधाजनक बताते हुए अपने दोस्तों एवं परिवारजनों को इसकी जानकारी देने की बात कही |

 

 उल्लेखनीय है रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री टिकट बुकिंग, आरक्षण स्थिति, ट्रेन का वास्तविक समय (Live Status), प्लेटफॉर्म जानकारी, खाने का ऑर्डर, शिकायत दर्ज करने व रिफंड स्थिति जैसी तमाम सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

 

 वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा, रेलवे प्रशासन का यह अभिनव प्रयास यात्रियों को डिजिटल इंडिया से जोड़ते हुए उनकी यात्रा को और अधिक सुगम, स्मार्ट व सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Post