छठ पूजा पर घर लौटना होगा आसान, रेलवे चलाएगा 12 हज़ार से अधिक स्पेशल ट्रेनें

छठ और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने इस बार ऐतिहासिक कदम उठाया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि आगामी पर्व सीजन में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी, जिससे बिहार सहित देशभर के यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री ने बताया कि यह निर्णय बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद डॉ. संजय जायसवाल एवं संजय झा के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही त्योहारों के दौरान बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करेगी।

 

यात्रियों के लिए बड़ी सौगात

 

13 से 26 अक्टूबर की ऑनवर्ड जर्नी और 17 नवंबर से 1 दिसंबर तक की रिटर्न जर्नी पर यात्रियों को 20% की विशेष छूट दी जाएगी।

बिहार से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएंगी – गया जी–दिल्ली, सहरसा–अमृतसर, छपरा–दिल्ली और मुजफ्फरपुर–हैदराबाद।

पूर्णिया से पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होगी।

 

 बिहार को नई परियोजनाओं की सौगात

 

बुद्ध से जुड़े स्थलों को जोड़ते हुए सर्किट ट्रेन चलाई जाएगी।

बक्सर से लखीसराय रेलखंड को चार लाइनों वाला बनाया जाएगा।

पटना रिंग रेलवे नेटवर्क का विकास होगा।

सुल्तानगंज और देवघर को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

पटना–अयोध्या के बीच नई गाड़ी शुरू होगी।

नए रोड ओवरब्रिज और वाशिंग पिट सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

 

इस अवसर पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने बिहार को मिली इन नई ट्रेनों और परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

 

भारतीय रेल की यह पहल त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और देशभर के लोगों को सुरक्षित, सहज और किफायती यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

Related Post