तान नदी में धड़ल्ले से रेत खनन, गौठान में डंप - प्रशासन मौन

कोरबा जिले के ग्राम पोड़ी-उपरोड़ा की तान नदी में खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब जिला कलेक्टर अजीत वसंत के अवैध खनन पर सख्त निर्देशों के बावजूद हो रहा है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, प्रत्येक दिन ट्रैक्टर व ट्रेलरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह उत्खनन वन अधिकार क्षेत्र में हो रहा है, पर वन और खनिज विभाग आंख मूंदे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि कुछ ट्रैक्टर मालिक तान नदी से रेत निकालकर उसे कोनकोना गौठान में डंप कर रहे हैं, जहां से यह रेत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्यों में बिना रॉयल्टी भुगतान के इस्तेमाल हो रही है।

 

जिला कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बावजूद रेत माफिया बेलगाम, शासन को रोजाना लाखों का नुकसान

 

यह सारा अवैध कारोबार बांगो थाना से कुछ किलोमीटर की दूरी पर संचालित हो रहा है, लेकिन न पुलिस विभाग, न प्रशासनिक अधिकारी कोई कार्रवाई कर रहे हैं। इस लापरवाही के कारण शासन को हर दिन लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है।

हाल ही में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्क फोर्स बैठक में रेत के अवैध उत्खनन पर कड़ी रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में वनमंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, तथा खनिज विभाग के उप संचालक प्रमोद नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इसके बावजूद जमीन पर असर नहीं दिख रहा।

Related Post