सुकुरपाल NH-30 पर भीषण सड़क हादसा: चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल

कोंडागांव, 29 जून 2025 – जिले के सुकुरपाल गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (NH-30) पर रविवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मिली जानकारी के अनुसार, घोड़ागांव निवासी रामेश्वर दीवान अपने भतीजे आनंद दीवान के साथ मोटरसाइकिल से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे, रायपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

 

हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार और बाइक दोनों वाहनों को काफी क्षति पहुँची है।

 

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार चालक जगदलपुर के शांतिनगर वार्ड का निवासी है। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, NH-30 पर आए दिन हो रहे हादसों से क्षेत्रवासी चिंतित हैं और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Related Post