गाजीपुर। आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देर रात करीब 2: 00 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बद्रीनाथ धाम की तीर्थ यात्रा कर गाजीपुर लौट रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार टाटा कंपनी की पंच (Punch) कार में सवार पांच लोग हादसे का शिकार हुए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल आजमगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में मृतक पुरुष की पहचान रजनीकांत पांडेय, निवासी ग्राम बुढ़ानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वहीं मृतक महिला की पहचान सुनीता सिंह, निवासी अलीपुर मदरा, के रूप में हुई है, जो प्रभारी प्रधानाध्यापिका पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि परिवार की कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वर्ज़न- तहबरपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि बद्रीनाथ धाम से यात्रा कर घर लौट रहे परिवार की सोमवार की भोर में करीब 3:30 बजे दुर्घटना हो गई जिसमें दो की मृत्यु हो गई बाकी लोगों का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है
