तेज रफ्तार बनी मौत की वजह: भुईयांपाली टर्निंग पर बाइक हादसे में दो श्रमिक युवकों की मौत

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भुईयांपाली टर्निंग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो श्रमिक युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ढलान वाले खेत में जा घुसी, जिससे यह हादसा हुआ।

मृतकों की पहचान आलम खान (23 वर्ष), निवासी कोलईबहाल और करण कुमार (23 वर्ष), मूल निवासी रामनगर, बिहार के रूप में हुई है। दोनों युवक जामगांव स्थित MSP प्लांट में कार्यरत थे। शनिवार दोपहर काम समाप्त होने के बाद दोनों आलम खान की मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भुईयांपाली के पास तीखे मोड़ पर बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि आलम खान के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा करण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल करण को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर शाम इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है।

Related Post