जगदलपुर से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन अब चिखलपुटी बायपास से होंगे डायवर्ट, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

कोंडागांव, 4 जुलाई 2025 — कोंडागांव जिला प्रशासन ने ट्रैफिक अव्यवस्था और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। जगदलपुर से रायपुर की ओर जाने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों जैसे ट्रक, ट्रॉला और टिप्पर अब शहर के भीतर से न गुजरकर चिखलपुटी स्थित निर्माणाधीन बायपास मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।

 

यह निर्णय राम मंदिर तालाब के पास स्थित क्षतिग्रस्त रिटर्निंग वॉल के कारण लिया गया है, जो हालिया भारी बारिश के चलते 29 जून को ढह गई थी। यह वॉल NH-30 से सटी हुई थी, और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क का एक हिस्सा बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया था। प्रशासन ने पहले ट्रैफिक को एकतरफा किया, लेकिन इससे शहर में जाम और अव्यवस्था बढ़ गई।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आज 4 जुलाई को शाम 4 बजे अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल, पीडब्ल्यूडी अधिकारी ए.आर. मरकाम, परिवहन विभाग और यातायात विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में चिखलपुटी बायपास मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद शाम 5 बजे से भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की प्रक्रिया लागू कर दी गई।

 

इस फैसले से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है और नागरिकों को राहत मिलेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें, जिससे किसी भी तरह की दुर्घटना और अव्यवस्था से बचा जा सके।

Related Post