जिले के 276 चिकित्सा संस्थानों पर आयोजित हुए आरोग्य शिविर
7 हजार से अधिक लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
प्रतापगढ़, 15 दिसम्बर। राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला मुख्यालय सहित जिलेभर के 276 चिकित्सा संस्थानों पर आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खबर लिखे जाने तक करीब 7 हजार 2 सौ 13 से अधिक लोगों ने ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगर सभापति रामकन्या गुर्जर ने संबोधित करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाएं आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्य कार्यक्रम जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाएं एवं निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में एनसीडी स्क्रीनिंग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के विधिवत उद्घाटन के पश्चात चिकित्सकों द्वारा शिविर में आए रोगियों की जांच कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने शिविर में पधारे जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।
सभा को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने राज्य सरकार के 2 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। एक दिन पूर्व उद्घाटित क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं उसमें उपलब्ध सुपर स्पेशलिटी सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जांच संबंधी सेवाएं 24 घंटे प्रारंभ की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला चिकित्सालय सहित अन्य चिकित्सालयों में सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पूर्व में जहां जांचों की संख्या सीमित थी, उसे राज्य सरकार द्वारा बढ़ाया गया है। जिला चिकित्सालय में हब एंड स्पोक योजना के तहत निजी प्रदाता कंपनी के माध्यम से निशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर जयपुर से सीधे कार्यक्रम का प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जिला चिकित्सालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रवि जोशी, शिवलाल साहू, प्रशस्ति कंवर, आशा टांक, राजेंद्र जोशी सहित एएनएम, टीसी स्टूडेंट एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
