कोंडागांव, 11 जुलाई 2028: शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा, बड़ेबेंदरी में दिनांक 11 जुलाई 2025 को भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव के मार्गदर्शन में कब-बुलबुल टीम द्वारा गुरु पूर्णिमा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू के निर्देशन एवं कब-मास्टर पवन साहू के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात कब-बुलबुल टीम के छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को पुष्पगुच्छ, लेखनी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक पवन कुमार साहू, शिक्षिका श्रीमती इशिता भंडारी एवं श्रीमती संतोषी पटेल ने गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुओं के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धा व्यक्त करने का दिन है। यह दिन हमें अपने शिक्षकों के योगदान की स्मृति कराता है जो हमारे जीवन को दिशा प्रदान करते हैं।
इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन की महती योजना अंतर्गत निशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती फागेश्वरी कश्यप, जनपद सदस्य क्रमांक 12 कोंडागांव एवं विशिष्ट अतिथि मानकू राम कश्यप रहे। उनके करकमलों से विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तक वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने एवं पढ़ाई में मन लगाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित
रहे।
