कोंडागांव, 10 जून 2025 – भीषण गर्मी के इस दौर में जहां आम नागरिक बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं कोंडागांव नगर पालिका परिसर में सोमवार दोपहर एक गंभीर लापरवाही सामने आई। नगर पालिका द्वारा पेयजल टैंकर में बोरवेल के माध्यम से शुद्ध पानी भरा जा रहा था, लेकिन मौके पर कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे सैकड़ों लीटर ताजा पेयजल व्यर्थ बहता रहा।
घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पानी ओवरफ्लो होकर लगातार बह रहा है, पर किसी कर्मचारी की निगरानी नहीं है। यह दृश्य नगरवासियों की चिंता को और गहरा कर गया है, क्योंकि अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा कर रही है।
स्थानीय पत्रकार की सजगता से इस लापरवाही पर समय रहते रोक लगाई गई। जैसे ही सूचना नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को दी गई, तुरंत एक्शन लेते हुए बोर को बंद करवाया गया और पानी की और अधिक बर्बादी को रोका गया।
इस घटना ने नगर पालिका के जल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर कई वार्डों में अभी भी टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शुद्ध जल की बर्बादी चिंताजनक है।
नगरवासी अब इस मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
