नगर पालिका परिषद, पीथमपुर द्वारा हरियाली को बढ़ावा देने और स्वच्छ वातावरण को लेकर एक महत्त्वपूर्ण पहल की गई है। जिसमें मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निर्देशानुसार पीथमपुर नगर में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में 21 जून को विश्व योग दिवस को ध्यान में रखते हुए आज नगर पालिका परिषद हाल में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ल ने की, जिसमें उन्होंने शहर के सभी उपयंत्री, झोन प्रभारी, उद्यान प्रभारी और अन्य विभागीय अधिकारियों को आगामी कार्य योजना से अवगत कराया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि योग दिवस के उपरांत नगर क्षेत्र के 31 वार्डों में प्रत्येक में 100 पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
पीथमपुर में पूर्वजों की याद में पौधारोपण का अनूठी पहल
नगर पालिका द्वारा "एक पौधा अपनों के नाम" अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें नागरिक अपने पूर्वजों या परिजनों की याद में पौधा लगवा सकते हैं। इस योजना में मात्र ₹400 की राशि लेकर पौधे का नामांकन और देखरेख सुनिश्चित की जाएगी।
अब तक लग चुके पौधों की संख्या 17,000
मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा 05 जून 2025 से अब तक लगभग 17,000 पौधे लगाए जा चुके हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर के जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, एनजीओ, औद्योगिक संस्थाएं और नागरिकों को जोड़ने की रणनीति तैयार की गई है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ल, कार्यालय अधीक्षक विजय अहीर, नोडल अधिकारी हिमांशु सिंह, उपयंत्री सुधीर ठाकुर, नितिन वर्मा, अजय करारे, दिव्या सोलंकी, वाहन प्रभारी रवि देवड़ा, स्वच्छता टीम से आशीष द्विवेदी सहित समस्त झोन प्रभारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह पहल पीथमपुर को हरियाली की दिशा में एक नई पहचान देने का कार्य और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनेगी।
