कोण्डागांव, 13 अगस्त 2025: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज बुधवार को माकड़ी मंडल के रांधना जोन क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के अंतर्गत एक भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली का नेतृत्व कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने किया। रैली का शुभारंभ तारगांव गौशाला से हुआ, जो विभिन्न ग्रामों से होती हुई रांधना में भव्य समापन के साथ समाप्त हुई।
यह मोटरसाइकिल तिरंगा रैली बाजार स्थल होते हुए कोसाहरदुली, उलेरा, संडसा, लुभा, सोड़सिवनी, ओंडरी, ठेमगांव, कोकोड़ी, उदेगा, गारे, भीरागांव, भटगांव, बरकई, सोनाबेड़ा, पूसापाल, देवडोंगर, गुहाबोरन्ड होते हुए रांधना पहुंची। जगह-जगह पर स्थानीय नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ रैली का स्वागत किया।
इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, निवर्तमान जिला अध्यक्ष एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रम प्रभारी दिपेश अरोरा, बालकुंवर प्रधान, दिनेश नेताम, लक्ष्मीनाथ सोरी, गणेश दुग्गा, झाड़ीराम सलाम, पन्नालाल नेताम, भगवती नेताम, विद्या नेताम, गायत्री नेताम, दुर्गा मरकाम, लखन नेताम, रामचंद नेताम सहित बड़ी संख्या में सरपंच, पंच, पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस आयोजन के दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोंडागांव विधायक लता उसेण्डी ने अपने संबोधन में कहा,
"यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हर भारतवासी के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का संकल्प है। यह तिरंगा यात्रा हमारे संविधान, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का माध्यम है।"
पूरे क्षेत्र में रैली को लेकर उत्साह का माहौल रहा। ग्रामवासियों ने तिरंगे के साथ रैली का जोशीला स्वागत किया। यह आयोजन माकड़ी मंडल में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक बन गया।
