केंद्र सरकार ने देश के श्रमिकों को सशक्त बनाने और सामाजिक सुरक्षा दायरे को व्यापक करने के लिए SPREE 2025 (Scheme for Promotion of Registration of Employers and Employees) अभियान की शुरुआत की है। यह विशेष पंजीकरण अभियान 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसके तहत नियोक्ताओं और श्रमिकों को ईएसआई (Employees’ State Insurance) योजना से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
श्रमिक कल्याण की नई पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना को श्रमिकों के लिए सुरक्षा कवच बताते हुए कहा कि सरकार सभी श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएँ, मातृत्व लाभ और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य असंगठित, अस्थायी और ठेका श्रमिकों को ईएसआई दायरे में लाना है। साथ ही, नियोक्ताओं को कई रियायतें दी गई हैं—
पुराने बकाया अंशदान पर कोई पेनल्टी या मांग नहीं होगी
पुराने मामलों में निरीक्षण से छूट मिलेगी
पंजीकरण उसी तारीख़ से मान्य होगा, जो नियोक्ता घोषित करेगा
छत्तीसगढ़ में विशेष जोर
इस अभियान का विशेष फोकस छत्तीसगढ़ पर है। ईएसआईसी (ESIC) अपने रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और दुर्ग कार्यालयों के माध्यम से जागरूकता शिविर, संगोष्ठी और हेल्प डेस्क का आयोजन कर रहा है।
10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले नियोक्ता, जो अब तक पंजीकृत नहीं हुए हैं या सभी पात्र कर्मचारियों को शामिल नहीं कर पाए हैं, वे ईएसआईसी पोर्टल, श्रम सुविधा पोर्टल या एमसीए पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
अधिकारियों की अपील
रायपुर स्थित ईएसआईसी के उपनिदेशक रत्नेश राजन्य ने कहा—
SPREE 2025 नियोक्ताओं के लिए स्वैच्छिक रूप से अनुपालन करने और अपने श्रमिकों को चिकित्सा सुविधा, मातृत्व सहायता तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ दिलाने का सुनहरा अवसर है। हमारा प्रयास है कि यह प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बने।
अमनेस्टी स्कीम 2025 भी लागू
सरकार ने इसके साथ ही अमनेस्टी स्कीम 2025 को भी मंजूरी दी है, जो 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान नियोक्ताओं को ईएसआई अधिनियम से जुड़े विवादों और लंबित मुकदमों के निपटारे का मौका मिलेगा।
ईएसआईसी की अपील
ईएसआईसी ने प्रदेश के उद्योगों, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में भाग लें और अपने कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाएँ।
पंजीकरण हेतु नियोक्ता www.esic.gov.in पर जा सकते हैं या टोल-फ़्री हेल्पलाइन 1800-11-2526 पर संपर्क कर सकते हैं।
