मर्दापाल/कोंडागांव, 19 जुलाई 2025: कोंडागांव जिले में लाखों रुपये की लागत से निर्मित मर्दापाल स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी सामने आई है। नवीन भवन में संचालित इस संस्था में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। खासकर शौचालयों में फैली गंदगी और पानी की कमी के चलते यहां प्रशिक्षण ले रहीं बालिकाएं अत्यधिक असहजता और कठिनाइयों का सामना कर रही हैं।
संस्था परिसर और भवन के चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नियमित सफाई न होने के कारण वातावरण दूषित हो गया है। छात्राओं ने बताया कि लगभग एक वर्ष से सफाई को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। शौचालयों में पानी की अनुपलब्धता के साथ-साथ बिजली की भी भारी समस्या है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि संस्था में सफाईकर्मियों की नियुक्ति ही नहीं हुई है। इस कारण छात्राओं को स्वयं ही सफाई करनी पड़ती है, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। शौचालयों की दुर्गंध और गंदगी से न केवल मानसिक असहजता हो रही है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जब इस संबंध में ITI के प्राचार्य से बात की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि सफाई कर्मचारी नहीं होने की वजह से इस प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने जल्द ही समाधान का आश्वासन जरूर दिया, लेकिन फिलहाल छात्राओं को रोजाना इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सफाईकर्मियों की नियुक्ति की जाए और ITI की सफाई व्यवस्था को सुधारते हुए बालिकाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
