भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। संयंत्र परिसर के विभिन्न स्थानों पर भक्ति, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत में बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रीगणेश पूजन किया। मंत्रोच्चारण और आरती से वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
शाम के समय जीईटी हॉस्टल में युवा कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ सामूहिक पूजन-अर्चन किया गया। पूजा के बाद मोदक का प्रसाद वितरण किया गया, जिसे कर्मचारियों और अतिथियों ने मिलकर ग्रहण किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर उन्नति परियोजना से जुड़ी स्व सहायता समूह की महिलाओं ने हॉस्टल परिसर में स्टॉल लगाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की।
गणेश चतुर्थी जैसे पर्व, संगठन में एकता, सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिकता का संदेश देते हैं। बालको परिवार ने भी इस परंपरा को निभाते हुए पूरे उत्साह और उमंग के साथ गणपति का स्वागत किया।
