कोंडागांव, 7 सितंबर 2025: जिले में रेबीज जैसी घातक बीमारी की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से 15 सितंबर से 30 सितंबर तक नि:शुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान जिला पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग द्वारा नगरपालिका, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
इस पखवाड़े के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पालतू और आवारा कुत्तों एवं बिल्लियों को नि:शुल्क एंटी-रेबीज टीके लगाए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को रेबीज रोग से बचाव के उपायों, इसके खतरों और समय-समय पर पशुओं के टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, कोंडागांव ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पालतू श्वानों एवं बिल्लियों को नजदीकी पशु चिकित्सालय में लाकर नि:शुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने पशुप्रेमियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे आवारा कुत्तों को पकड़कर उनके टीकाकरण में विभाग को सहयोग प्रदान करें।

इस जनहितकारी अभियान का उद्देश्य रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और मानव तथा पशु स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित करना है।
