फरसगांव/कोंडागांव, 14 जुलाई 2025: फरसगांव थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेना के जवानों सहित आम नागरिकों से करोड़ों रुपये की ऑनलाइन और ऑफलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी भूतपूर्व सैनिक खिलेन्द्र कश्यप (उम्र 26 वर्ष), निवासी कोरगांव, थाना विश्रामपुरी, जिला कोण्डागांव, को ग्राम सुलेंगा, नारायणपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक एप्पल लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, दो एटीएम कार्ड और 1500 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी कथित रूप से "Diversified Multinational Group of Businesses" नामक फर्जी विदेशी कंपनी के नाम पर लोगों को बड़े-बड़े होटल और बंगले दिलाने का झांसा देता था। सेना के जवानों को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए वह उन्हें आर्थिक लालच देकर अपने जाल में फंसा लेता था।
मामला ऐसे आया सामने
सिरसीकलार हल्दीबेड़ा निवासी जगदीश्वर मरकाम ने 17 दिसंबर 2024 को फरसगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने 11 अगस्त 2023 को दोपहर करीब 12:40 बजे उनसे 4.50 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी ने ऑनलाइन मार्केटिंग के माध्यम से अवैध लाभ कमाने का झांसा दिया था। इस शिकायत पर पुलिस ने धारा 420 भादवि. के तहत अपराध क्रमांक 171/2024 पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
देश-विदेश में बदलते रहा ठिकाना
विशेष टीम ने लगभग 7 महीने तक लगातार निगरानी और तलाश के बाद आरोपी को दबोचने में सफलता प्राप्त की। आरोपी दुबई, मलेशिया, दिल्ली, नोएडा जैसे कई स्थानों पर बार-बार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा। लेकिन अंततः फरसगांव पुलिस की मुस्तैदी ने उसे पकड़ ही लिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे अभियान का नेतृत्व निरीक्षक संजय सिन्दे ने किया, जिनके साथ सउनि. पिताम्बर कठार, सउनि. रजउराम सूर्यवंशी, आरक्षक बासुराम मरकाम, महिला आरक्षक सरस्वती यादव की उल्लेखनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश, एडिशनल एसपी कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई को आम जनता और सेना के हित में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
फरसगांव पुलिस का संदेश साफ है – ठगी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे देश में हों या विदेश में।
