कोंडागांव, 16 सितम्बर 2025— कोंडागांव जिले के किसानों ने आज मंगलवार दोपहर 3 बजे जिला मुख्यालय पहुँचकर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें जिले में एक स्थायी सब्जी मंडी की स्थापना की माँग की गई है।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि कोंडागांव जिले में हजारों एकड़ क्षेत्र में सब्जियों की खेती की जाती है। इसके बावजूद किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए कोई सुव्यवस्थित बाजार उपलब्ध नहीं है। इस कारण वे मजबूरी में स्थानीय व्यापारियों या बिचौलियों को सब्जी कम दामों में बेचने को विवश हैं, जिससे उन्हें उचित मूल्य और समय पर भुगतान नहीं मिल पाता।
किसानों ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि जिले के मुख्यालय में एक स्थायी सब्जी मंडी की व्यवस्था की जाए, ताकि महाराष्ट्र, नागपुर, आंध्र प्रदेश जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों से व्यापारी सीधे यहाँ आकर सब्जियाँ खरीद सकें। इससे न केवल किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि वे आर्थिक रूप से भी सशक्त हो सकेंगे।
किसानों ने यह भी कहा कि मंडी की अनुपस्थिति से वे निरंतर आर्थिक नुकसान का सामना कर रहे हैं। एक संगठित बाजार के अभाव में न तो मूल्य निर्धारण पारदर्शी होता है और न ही बिक्री की कोई गारंटी रहती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के किसान जिला कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी माँग रखी और उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द मंडी निर्माण की दिशा में कदम उठाएगा।
