रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत 22 दिसंबर की शाम गढ़उमरिया पेट्रोल पंप के पास हुई 2 लाख 40 हजार रुपए की नगदी झपटमारी के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर झपटमारी की पूरी साजिश का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पिकअप वाहन खरीदने के बहाने बुलाया गया था रायगढ़
पीड़ित जशमन लकड़ा (42 वर्ष) पिता संतराम लकड़ा, निवासी चिराईखार थाना लैलूंगा ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने परिचित प्यारेलाल कुर्रे से एक पुराना पिकअप वाहन 2,40,000 रुपए में खरीदने का सौदा कर रायगढ़ आया था।
22 दिसंबर को प्यारेलाल के कहने पर वह नगद रकम बैग में लेकर अपने बेटे और भाई के साथ गढ़उमरिया पेट्रोल पंप पहुंचा।
पूर्व नियोजित साजिश के तहत छीना गया बैग
पेट्रोल पंप पर पहले से योजना बनाकर मौजूद आरोपियों ने पीड़ित से बलपूर्वक रुपयों से भरा बैग छीना और आर्टिका कार से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में थाना जूटमिल पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सक्ती जिले से तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सक्ती जिले में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी प्यारेलाल कुर्रे ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों किशन जांगड़े और संतोष महतो के साथ मिलकर झपटमारी की पूरी योजना बनाई थी।
2.02 लाख नगद और आर्टिका कार जब्त
आरोपियों ने बताया कि झपटमारी की रकम में से 25 हजार रुपए खर्च कर दिए गए थे, जबकि शेष राशि आपस में बांट ली गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,02,000 रुपए नगद और घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार क्रमांक CG-13-BG-4568 जब्त की है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 443/2025, धारा 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
