कोंडागांव, 08 मई 2025: जिला मुख्यालय में संचालित केंद्रीय विद्यालय के एक शिक्षक पात्र सर का हाल ही में आकस्मिक निधन हो गया। मूलतः उड़ीसा राज्य के निवासी पात्र सर के परिवार में उनके वृद्ध माता-पिता और पत्नी ही हैं, जो शारीरिक रूप से अशक्त होने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया निभाने में असमर्थ थे।
इस दुखद समाचार की जानकारी मिलते ही नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपने सहयोगियों के साथ शमशान घाट पहुंचकर स्वर्गीय शिक्षक के शव का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार कराया। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन भी रखा।
इस अवसर पर पार्षद असलम खान, बंटी नाग, अविनाश सोरी, नगरपालिका के संतोष साहू, केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। जसकेतु उसेंडी के इस कार्य की नगरवासियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे सच्ची मानव सेवा व संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।
नगर में इस घटना को लेकर भावुक वातावरण रहा और लोगों ने कहा कि ऐसे ही सामाजिक नेतृत्व से समाज में इंसानियत ज़िंदा रहती है।
