तालाब में डूबने से हाथी के शावक की मौत, वन विभाग ने किया विधिवत अंतिम संस्कार

 रायगढ़ -जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। वन परिक्षेत्र रायगढ़ के बंगुरसिया सर्किल अंतर्गत बड़झरिया तालाब में हाथी के एक शावक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब रात के वक्त हाथियों का एक बड़ा दल तालाब में नहाने के लिए पहुंचा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नहाने के दौरान हाथी का शावक तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास के क्षेत्र में हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनाई दी, जिससे वन अमले को अनहोनी की आशंका हुई।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का बड़ा दल विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण आसपास के गांवों में पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी गई थी। शावक की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद वन विभाग द्वारा शावक के शव को इंद्रा विहार ले जाया गया, जहां विधि-विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मौके पर एसडीओ, रेंजर सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि जिले में बीते तीन महीनों के भीतर हाथियों की मौत की यह पांचवीं घटना है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। विभाग द्वारा हाथियों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता और निगरानी बढ़ाने की बात कही जा रही है।

यह घटना न केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए पीड़ादायक है, बल्कि यह संकेत भी देती है कि हाथियों के प्राकृतिक आवास और सुरक्षित जलस्रोतों को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

Related Post