जांजगीर-चांपा में 61 लाख के मादक पदार्थ नष्ट, पुलिस की सख्त कार्रवाई

जांजगीर-चांपा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। दिनांक 29 दिसंबर 2025 को जिला पुलिस एवं जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के संयुक्त प्रयास से 61 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

यह नष्टीकरण प्रक्रिया प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चांपा के प्लांट स्थित फर्नेस (भट्ठी) में संपन्न हुई। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से जब्त किए गए कुल 115 किलो 452 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 57 लाख 50 हजार रुपये, 35,833 नग नशीली टेबलेट (कीमत लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये) तथा 616 नग नशीली सिरप (कीमत करीब 47,608 रुपये) को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप जलाकर नष्ट किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित सभी प्रकरणों का न्यायालयीन निराकरण हो जाने के बाद नियमानुसार यह नष्टीकरण किया गया, ताकि जब्त मादक पदार्थों का दोबारा दुरुपयोग न हो सके।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सहायक आयुक्त आबकारी अधिकारी नीलिमा डीग्रस्कर, पर्यावरण संरक्षण अधिकारी डॉ. खेमचंद साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी सहित पुलिस, आबकारी विभाग, पर्यावरण विभाग एवं प्रकाश इंडस्ट्रीज के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत संदेश मानी जा रही है।

Related Post