कोंडागांव, 22 जून 2025 – वनवासी विकास समिति, छत्तीसगढ़ जिला कोंडागांव महिला समिति के नेतृत्व में दो दिवसीय संभाग स्तरीय महिला कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन 21-22 जून को माता कस्तूरबा बालिका छात्रावास, कोंडागांव में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पण के साथ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रांतीय संगठन मंत्री रामनाथ कश्यप उपस्थित थे।
अभ्यास वर्ग में बस्तर संभाग की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि वनवासी विकास समिति आदिवासियों की अस्मिता, अस्तित्व और विकास के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, समाज सेवा व राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान दिनांक 22 जून को राष्ट्रीय देवी अहिल्या होलकर सम्मान-2024 से सम्मानित डॉ. जयमती कश्यप ने समिति को ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) का दान प्रदान किया। यह राशि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से प्राप्त हुए ₹5 लाख के राष्ट्रीय पुरस्कार से दी गई है।
डॉ. जयमती कश्यप, जो वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग, कोंडागांव में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत हैं, ने अपने इस योगदान के माध्यम से आदिवासी समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रकट किया। वे नारी विकास, लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और आंचलिक धरोहरों के संरक्षण हेतु उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।
इस प्रेरणादायक पहल के लिए समिति और स्थानीय समुदाय ने डॉ. कश्यप का आभार व्यक्त किया।
