जिला स्तरीय किसान सम्मेलन कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित
प्रतापगढ़, 23 दिसंबर। जिला स्तरीय किसान सम्मेलन का आयोजन मंगलवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर किसानों को नवीन तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं जैविक कृषि के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में उप निदेशक उद्यानिकी रामकिशन वर्मा, कृषि विभाग से बंशीधर मीणा, संयुक्त निदेशक डीओआईटी रामलाल मीणा, सहायक निदेशक डीओआईटी अभिषेक मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान जिला वर्चुअली राज्य स्तरीय किसान कार्यक्रम से जुड़ा रहा, जिसमें राज्य सरकार की कृषि हितैषी योजनाओं, नवाचारों एवं किसानों के कल्याण से संबंधित जानकारियाँ साझा की गईं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं, अनुदान, तकनीकी सहायता एवं उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किसानों को जैविक कृषि के महत्व, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ खेती की आवश्यकता के बारे में समझाया गया। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार साहित्य का वितरण कर किसानों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
