छुरिया। सोशल मीडिया पर आये एक पोस्ट में खुज्जी विधानसभा की कांग्रेस की पूर्व महिला विधायक श्रीमती छन्नी चन्दू साहू ने छ.ग. राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन पर आरोप लगाते हुये लिखा है कि सरकारी कर्मचारी बिना विष्णुभोग व रिश्वत के काम नहीं करता है, यह अफरसरशाही का सबूत है। इस पोस्ट के वायरल होने पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद ड़डसेना अपने बयान में कहा कि कि पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चन्दू साहू जो आरोप लगाये है उस की लिखित शिकायत प्रशासन से करें उनकी शिकायत हमारे छत्तीसगढ़ के भाजपा की विष्णुदेव साय की सरकार पूरी तरह से निष्पक्ष जांच करायेगी। इस बयान को कटाक्ष करते हुये पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चन्दू साहू ने कहा कि मैं खुज्जी विधानसभा के भाजपा के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता श्री चंद्रिका ड़डसेना से यह कहना चाहती हूं कि लिखित शिकायत करने पर भाजपा की विष्णुदेव साय की सरकार पूरी तरह से निष्पक्ष जांच करायेगी तो यहां पर सीधा सीधा मेरा प्रश्न श्री ड़डसेना जी से है कि क्या लिखित शिकायत से जांच होगी इस बात पर कैसे भरोसा किया जाय क्योंकि कुछ दिन पहले ही ग्राम पंचायत सड़क चिरचारी में सूचना पटल के गिरने से निषाद परिवार के एक 5 वर्षीय मासूम युवांश निषाद की अकस्मात मौत हो जाने पर मैं स्वयं वहां जाकर नेशलन हाईवे पर चक्का जाम की थी जहां मेरे साथ मेरे कांग्रेस पार्टी के नेतागण भी साथ थे। धरना स्थल पर शासन प्रशासन के अधिकारीगण भी उपस्थित हुये थे। बच्चे की मौत के कारण की जांच हेतु 3 सदस्यीय समिति का गठन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने की बात भी कही गई थी।लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सिर्फ सचिव के उपर गाज गिरी और मुख्य रूप से कार्य एजेंसी पर कार्यवाही होनी थी लेकिन कार्य एजेंसी भाजपा नेता होने के कारण अभी तक उसके उपर कोई कार्यवाही नहीं करके सिर्फ सचिव को निलंबित करके पूरे मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
जहां एक ओर जहां ड़डसेना जी सुशासन और न्याय की बात कर रहे हैं और उनके निवास से कुछ ही दूरी पर बसे ग्राम सड़क चिरचारी के मामले में निषाद परिवार को न्याय दिलाने के मामले में चुप्पी साधे हुये है और कोई बयान नहीं दे रहें और न ही भाजपा के कोई नेता इस मामले में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। यदि वे मेरे सोशल मीडिया के पोस्ट पर लिखित शिकायत पर कार्यवाही करवाने की बात कर रहे हैं,तो मेरा उनसे विशेष आग्रह है कि मुझे न्याय दिलाने के पहले सड़क चिरचारी के निषाद परिवार को न्याय दिलाने में अहम योगदान प्रदान करे और शोक संतृप्त परिवार को शासन से आर्थिक सहायता प्रदान करवायें और अपना और अपने छ.ग. राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन का परिचय देवें अन्यथा इस प्रकार के बयानबाजी कर ओछी राजनीति का परिचय न दे। जनता बातों के बताशों को नहीं मानती उसे तो हकीकत में क्या काम हुआ है उस पर विश्वास होता है।अन्त में मैं खुज्जी विधानसभा की कांग्रेस की पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी चन्दू साहू और शोक संतृप्त निषाद परिवार सहित पूरी आम जनता यह देखना चाह रही है कि न्याय कितनी जल्दी मिल पाता है।
