केशकाल/कोंडागांव 16 सितम्बर 2025 | छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में कनिष्ठ अभियंताओं के पदोन्नति कोटे में कटौती कर उसे 70% से घटाकर 40% किए जाने तथा सहायक अभियंता के पदों पर सीधी भर्ती का प्रतिशत बढ़ाते हुए रिक्तियों को राष्ट्रीय स्तर (ऑल इंडिया लेवल) पर खोले जाने के आदेश का डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने तीव्र विरोध किया है।
एसोसिएशन का कहना है कि इस निर्णय से छत्तीसगढ़ के स्थानीय डिप्लोमा धारक बेरोजगार इंजीनियरों के लिए रोजगार के अवसरों में भारी कमी आएगी और प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय होगा। इसी मुद्दे को लेकर आज एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों ने केशकाल विधायक माननीय नीलकंठ टेकाम को ज्ञापन सौंपा और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में सहायक अभियंता एल.एस. टेकाम, पी.एल. अहिरवार तथा कनिष्ठ अभियंता विनोद मरकाम, विजेंद्र कुमार, सत्तार बैग, विकास साहू, राजेश कोमा, भागवत पोया और प्रयास वोडितेलवार शामिल रहे।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने इस विषय पर गंभीरता से विचार कर सार्थक प्रयास एवं आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश में संशोधन नहीं किया गया, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने पर विवश होगा।
